ऑपरेशन निश्चय में बड़ी कार्रवाई, 378 किलो गांजा के साथ 13 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में कार्रवाई कर 378 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है।

जब्त मादक पदार्थ और वाहनों समेत कुल संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 98 लाख रुपये आंकी गई है।


कपड़ा फेरी की आड़ में हो रही थी तस्करी

पुलिस के अनुसार इस बार तस्करों ने गांजा सप्लाई के लिए नया तरीका अपनाया था। आरोपी खुद को कपड़ा बेचने वाला फेरीवाला बताकर बाइक के जरिए गांजा तस्करी कर रहे थे।

जांच में सामने आया कि बाइक की पिछली सीट के पीछे कपड़ों के ढेर की आड़ में लोहे का विशेष कम्पार्टमेंट बनाया गया था, जिसमें गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था।


उड़ीसा से लाकर मध्यप्रदेश में सप्लाई की तैयारी

रायपुर रेंज के आईजी के अनुसार तकनीकी निगरानी, मुखबिर सूचना और अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर लगातार जांच के कारण यह तस्करी नेटवर्क पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक गांजा उड़ीसा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा क्षेत्रों से लाकर मध्यप्रदेश में सप्लाई किया जाना था।


महासमुंद में 10 आरोपी पकड़े गए

महासमुंद जिले में बसना और कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 247 किलो गांजा जब्त किया। इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी सात मोटरसाइकिलों में गांजा लेकर जा रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश के निवासी हैं।


धमतरी में नाबालिग समेत तीन पकड़े गए

धमतरी जिले में वाहन चेकिंग के दौरान 131 किलो गांजा के साथ दो आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया।

यहां भी आरोपी कपड़ा फेरी का बहाना बनाकर तीन बाइक में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे।


11 बाइक और मोबाइल फोन जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 11 मोटरसाइकिल, 9 मोबाइल फोन, नगदी राशि और गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए लोहे के जाले जब्त किए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है, जो लगातार तस्करी के नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।


पहले भी सामने आ चुके हैं नए तरीके

रायपुर रेंज पुलिस इससे पहले एम्बुलेंस, केला ट्रांसपोर्ट, मूवर्स एंड पैकर्स, बस, ट्रेन और ऑटो की आड़ में हो रही गांजा तस्करी का भी खुलासा कर चुकी है।

फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चैन की विस्तृत जांच कर रही है।

Back to top button