ऑपरेशन प्रहार: छाल पुलिस ने 8.5 टन संदिग्ध कबाड़ और 6 चक्का वाहन किया जब्त
बिना वैध दस्तावेज के परिवहन कर रहे युवक पर कार्रवाई, 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना छाल पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और एक 6 चक्का वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक, थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटी क्षेत्र से एक 6 चक्का वाहन में बड़ी मात्रा में लोहे का कबाड़ लोड कर छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने महिंद्रा 6 चक्का वाहन क्रमांक CG-12 BD-1623 को रोककर तलाशी ली। वाहन में तिरपाल के नीचे लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीन और अन्य कबाड़ सामग्री लोड मिली। चालक से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम तौफिक खान (19 वर्ष) निवासी कोरबा बताया। दस्तावेज नहीं मिलने और कबाड़ के संदिग्ध होने पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में लगभग 8 टन 500 किलोग्राम लोहे का कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा 6 चक्का वाहन, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है, जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही जब्त कबाड़ के स्रोत और वास्तविक स्वामित्व की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय तथा थाना छाल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्ति से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है तथा ऐसे मामलों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



