कबीरधाम में नकली नोट की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 12.5 लाख के जाली नोट जब्त, 3 गिरफ्तार

दिनेश दुबे

कवर्धा/पोंडी, 11 अगस्त। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट बनाने और खपाने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। बोडला थाना अंतर्गत चौकी पोंडी पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट, एक कलर प्रिंटर, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टाटा पंच ईवी कार बरामद की गई है।
*कलर प्रिंटर से छापते थे 500 के नोट, उधारी चुकाने के नाम पर की सप्लाई*

एसपी जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त एसपी हेमसागर सिदार, अमित पटेल तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में चौकी पोंडी प्रभारी लक्ष्मीनारायण साव और साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर की टीम ने यह सफलता हासिल की है।

रात्रि करीब 9 बजे सतीश कुमार और उसके साथी ने प्रार्थी को काले बैग में 4 लाख 50 हजार रुपये थमाए। जांच में सभी 500-500 के नोट नकली पाए गए। प्रार्थी ने 10 अगस्त को चौकी पोंडी में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 101/26 धारा 179, 318(4) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर धारा 178, 180, 181 BNS जोड़ी गई।

आरोपियों ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को उन्होंने एक कलर प्रिंटर खरीदा था और कवर्धा के नए बस स्टैंड के पास किराए का कमरा लेकर वहीं नकली नोट छापना शुरू किया था। सतीश और रामप्रसाद डिलीवरी का काम करते थे।

*पूछताछ में खुला नेटवर्क*
आरोपी सतीश कुमार से कड़ी पूछताछ में उसने अपने साथी रामप्रसाद उर्फ रमऊ निवासी तालपुर और घुरवा राम निवासी कान्हाभैरा के साथ मिलकर नोट छापने की बात कबूली। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

उधारी लौटाने के नाम पर दिया नकली नोटों से भरा बैग
पुलिस के अनुसार प्रार्थी दिनेश कुमार यादव निवासी ग्राम कमराखोल, थाना कुकदुर ने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे, जिसका एग्रीमेंट भी हुआ था। रकम वापस मांगने पर 9 अगस्त को घुरवा राम ने सतीश कुमार के माध्यम से पोंडी शराब भट्टी के पास पैसे लेने बुलाया

गिरफ्तार आरोपी –
1. सतीश कुमार पिता आधे राम, 33 वर्ष, मजगांव रोड कवर्धा 2. रामप्रसाद उर्फ रमऊ पिता ललित राम, 56 वर्ष, तालपुर कवर्धा 3. घुरवा राम पिता मोतीराम, कान्हाभैरा, थाना पिपरिया
*बॉक्स – पुलिस की अपील*
कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोट या संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के संबंध में सतर्क रहें और सूचना तत्काल निकटतम थाना-चौकी को दें।

बरामदगी
पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार से 2 लाख, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख, घुरवा राम से 1.50 लाख और प्रार्थी द्वारा जमा कराए गए 4.50 लाख सहित कुल 12.50 लाख के नकली नोट जब्त किए हैं। इसके अलावा एक प्रिंटर, एक मोबाइल और एक ईवी कार जब्त की गई है। पुलिस आरोपियों से अन्य स्थानों पर नोट खपाने के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Back to top button