कबीरधाम में फार्महाउस पर जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, 11 जुआरी गिरफ्तार, डेढ़ लाख की संपत्ति जब्त
कबीरधाम। जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्महाउस में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खैरबनाकला स्थित राघव यादव के फार्महाउस में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके पर 11 लोग जुआ खेलते हुए मिले, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 25,700 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल तथा ताश की गड्डियां जब्त कीं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,50,700 रुपये आंकी गई है।
जब्त सामग्री
- नकद राशि – ₹25,700
- मोबाइल फोन – 8 (अनुमानित कीमत ₹65,000)
- मोटरसाइकिल – 2 (अनुमानित कीमत ₹60,000)
- ताश की गड्डियां
- कुल जब्त संपत्ति – ₹1,50,700
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4 एवं 5 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


