
नई दिल्ली: Mutual Fund SIP-SWP: बुढ़ापे की चिंता सभी को होती है. ऐसे में, अगर आप भी अपने बुढ़ापे को सुरक्षित और आर्थिक रूप से संपन्न रखना चाहते हैं तो आपको उसकी तैयारी अभी से शुरू कर देना चाहिए. यानी आपको नौकरी के शुरुआती समय से ही निवेश को समझ लेना चाहिए. आइए आज आपको बताते हैं एक ऐसा विकल्प जिसमें आप छोटा निवेश कर बेहतरीन पेंशन पा सकते हैं और अपने बुढ़ापे को सुरक्षित बना सकते हैं.
SWP से पेंशन का इंतजाम
बुढ़ापे के लिए सेविंग्स बनाने के लिए आपको एक ऐसे निवेश की जरूरत है, जिसमें रिटर्न भी अच्छा मिले और शेयर मार्केट के जोखिम भी कम हों. आप सभी SIP यानी सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान के बारे में जानते हैं, जिसमें आप हर महीने कुछ रमक निवेश करते हैं, लेकिन हम आपको इसके ठीक उलट SWP यानी सिस्टमैटिक विद्ड्रॉल प्लान के बारे में बताने जा रहे हैं, जिससे आपको हर महीने रकम मिलेगी, इसे पेंशन ही समझ लीजिए.
हम यहां आपको बता रहे हैं कि किस तरह से 20 साल तक हर महीने 5 हजार रुपये की मंथली एसआईपी करने पर अगले 20 साल तक आप हर महीने अपने लिए 35 हजार रुपये पेंशन का इंतजाम कर सकते हैं.
सिस्टमैटिक विद्ड्रॉल प्लान (SWP)
सिस्टेमैटिक विद्ड्रॉल प्लान (SWP) के जरिये निवेशक एक तय राशि म्यूचुअल फंड स्कीम से वापस पाते हैं. कितने समय में कितना पैसा निकालना है, यह निवेशक खुद ही तय करता है. SWP के तहत यह पैसा रोजाना, वीकली, मंथली, तिमाही, 6 महीन पर या सालाना आधार पर निकाला जा सकता है. निवेशक चाहें तो केवल एक निश्चित रकम निकालें या फिर चाहें तो निवेश पर कैपिटल गेंस को निकाल सकते हैं.
सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP)
सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान के तहत आपको म्यूचुअल फंड की स्कीम में एक मुश्त पैसा लगाने की जगह मंथली आधार पर निवेश करने की सुविधा मिलती है. किसी स्कीम में हर महीने कितना निवेश करना है, यह आप खुद तय कर सकते हैं. इसका फायदा यह है कि यहां एक बार में भी आपका पूरा पैसा ब्लॉक नहीं होता है. बल्कि इसमें आप अपनी सुविधा से मंथली निवेश कर सकते हैं. साथ ही समय समय पर रिटर्न का आंकलन कर एसआईपी बढ़ाने या घटाने की भी सहूलियत मिल जाती है.




