कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग, चार डिब्बे चपेट में आए; 1500 यात्री बाल-बाल बचे
पंजाब के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा, तीन जनरल कोच पूरी तरह प्रभावित और एक को आंशिक नुकसान; रेलवे ने यात्रियों को दूसरी ट्रेन से रवाना किया
पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार को अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ट्रेन के तीन डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया, जबकि चौथा डिब्बा भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान ट्रेन में सवार करीब 1500 से अधिक यात्री बाल-बाल बच गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
एक डिब्बे से शुरू हुई आग, चार कोच तक पहुंची लपटें
जानकारी के अनुसार, ट्रेन पंजाब के राजपुरा-सरहिंद रेलखंड पर सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान एक डिब्बे में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते आसपास के अन्य डिब्बे भी इसकी चपेट में आ गए। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
पंखे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
जीआरपी की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक डिब्बे में लगे पंखे में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी।
रेलवे ने तत्काल कार्रवाई कर अलग किए प्रभावित डिब्बे
आग की जानकारी मिलते ही ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। आग को अन्य डिब्बों तक फैलने से रोकने के लिए गार्ड और लोको पायलट ने प्रभावित कोच को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने दोनों ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइनों की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी। कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद आसपास के रेलमार्गों पर चल रही ट्रेनों को भी नियंत्रित किया गया।
यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरी ट्रेन से भेजने की व्यवस्था
उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, आग से मुख्य रूप से तीन अनारक्षित श्रेणी के डिब्बे प्रभावित हुए, जबकि चौथे कोच को मामूली नुकसान पहुंचा। ट्रेन में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे की ओर से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन से रवाना करने की व्यवस्था की गई।
रेलवे अधिकारियों ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं सुरक्षा कार्यों की निगरानी की। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से रेलवे और यात्रियों ने राहत की सांस ली।





