

पखांजूर से बिप्लब कुण्डू–2.6.22
एसआरपीएफ जवान ने दूसरे जवान को मारी गोली बाद में खूद पर गोली दागकर कर ली आत्महत्या —
मरपल्ली पुलिस थाना की घटना पुलिस विभाग में खलबली, जांच में जूटी पुलिस
पखांजूर–
पखांजूर छत्तीसगढ़ सीमा से लगे महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिला के अहेरी तहसील के जिमलगट्टा उपविभाग में आने वाले मरपल्ली पुलिस मदद केंद्र में पदस्थ पुना एसआरपीएफ ग्रुप 1 के एक जवान ने बुधवार की शाम 5 बजे के दौरान अपने साथी जवान पर राईफल से गोली दागकर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद उसी राईफल से खूद पर गोली दागकर आत्महत्या भी कर ली। यह घटना उजागर होते ही समूचे पुलिस विभाग में खलबली मच गयी है। मृत पुलिस जवान के नाम पुलिस जवान श्रीकांत रायसाहेब बेरड (29) और नाईक पुलिस जवान बंडू बन्सी नवतरे (36) बताए गये है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सल खोज मुहिम को अधिक तीव्र करने के लिए जिला पुलिस के जवानों के साथ एसआरपीएफ के जवानों को भी जिले के विभिन्न पुलिस थानों में तैनात किया गया है। मरपल्ली पुलिस मदद केंद्र में भी इसी तरह का एक दल कार्यरत है। इस दल में श्रीकांत और बंडू भी कार्यरत थे। बुधवार की शाम 5 बजे के दौरान दोनों जवानों में आपसी कारणों को लेकर जमकर विवाद हुआ। यह विवाद अपने चरमसीमा में पहुंचते ही पुलिस जवान श्रीकांत ने अपनी राईफल से पुलिस नाईक बंडू पर 7 से 8 बार राऊंड फायर किया। जिसमें घटनास्थल पर ही बंडू की मृत्यू हो गयी। घटना को अंजाम देने के बाद श्रीकांत ने इसी राईफल से खुद पर भी गोली दागी। जिसमें उसकी भी मृत्यू हो गयी। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मिलते ही उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मरपल्ली पुलिस मदद केंद्र के प्रभारी अधिकारी ने पंचनामा कर मामला दर्ज किया है। मामले की अधिक जांच जिमलगट्टा के उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुजीत कुमार क्षीरसागर कर रहें है।