
कलेक्टर की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की समीक्षा बैठक संपन्न, पीड़ितो को राहत राशि शीघ्र प्रदान करने की दिशा में कार्य करे-कलेक्टर
जशपुरनगर 11 अगस्त 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अत्याचार निवारण से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने, राहत राशि की स्वीकृति व मुआवजा राशि भुगतान सहित अन्य एजेंडा पर विस्तार से चर्चा की । इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आई. एल. ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर सुश्री उन्नैजा खातून अंसारी, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विकास विभाग श्री बी. के. राजपूत, उप संचालक लोक अभियोजन श्रीमती एम.आर. कुजूर, लोक अभियोजक श्री संजय सोनी, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री कावरे ने जिले के थानों में दर्ज प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए शीघ्र जांच पूर्ण करने के संबंध में किये गए उपाय एवं कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने एसटी, एससी अत्याचार निवारण के प्रकरणों के संबंध में जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों के अन्वेषण, अभियोजन व निराकरण में तीव्रता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास तथा अन्य अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के विभिन्न उपबंधों के त्वरित क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग ने बताया कि जिले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचर निवारण अधिनियम के तहत 01 अप्रैल 2020 से मार्च 2021 तक कुल 30 प्रकरणों हेतु कुल 52 लाख 35 हजार की राशि स्वीकृत की गई है। जिसके अंतर्गत अनुसूचित जनजाति के 28 प्रकरण में पीड़ित पक्ष को कुल 42 लाख 50 हजार एवं अनुसूचित जाति के 3 प्रकरणों में कुल 3 लाख की राहत राशि का भुगतान किया गया है। उन्होंने बताया कि माह अप्रैल एवं मई 2021 में कोई प्रकरण स्वीकृत नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि माह जून 2021 तक अनुसूचित जनजाति के प्राप्त 13 प्रकरण हेतु 13 लाख 25 हजार की राषि स्वीकृत किया गया है। जिसमें 6 प्रकरणों में 6 लाख का भुगतान किया गया है। शेष प्रकरणों में पीड़ित को राहत राशि प्रदान करने के लिए कार्यवाही की जा रही है।


