
CG News: छत्तीसगढ़ के प्राइमरी स्कूलों में अब पहली कक्षा से ही अंग्रेजी पढ़ाई जाएगी। यह पढ़ाई उन स्कूलों में शुरू की जाएगी, जहां पर आत्मानंद स्कूल नहीं है। इसकी शुरुआत ही आत्मानंद स्कूलों के प्रति बढ़ते क्रेज को ध्यान में रखकर की जाएगी।
छत्तीसगढ़ के बच्चों में अंग्रेजी लिखने और बोलने की कला विकसित हो इसके लिए यह फैसला किया गया है। अगले शिक्षा सत्र से अंग्रेजी एक भाषा के तौर पर पहली कक्षा से प्रारंभ की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग की योजना है कि हर साल पांच हजार स्कूलों में अंग्रेजी की पढ़ाई प्रारंभ की जाए। इस तरह पांच सालों में 25 हजार स्कूलों में अंग्रेजी की पढ़ाई प्रारंभ करने की तैयारी है।
इससे होगा यह कि न तो नए भवन बनाने होंगे और न ही नई भर्ती करने की जरूरत पड़ेगी। वर्तमान सेटअप में ही यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। प्रदेश में इस समय करीब 32 हजार प्राइमरी स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। इनमें करीब 25 लाख बच्चे पढ़ाई करते हैं। बता दें कि पहले प्राइमरी के बच्चों को अंग्रेजी कुछ शब्द ही बताए जाते थे, लेकिन अब पढ़ाई के साथ लिखना भी सिखाया जाएगा।
Also Read: Today Horoscopes : फैमिली के साथ बनेगा घूमने का प्लान; इन राशि वालों के अधूरे कार्य होंगे पूरे
छत्तीसगढ़ में वर्तमान में हिंदी माध्यम के स्कूलों में कक्षा छठवीं से अंग्रेजी की पढ़ाई की जाती है। प्राइमरी में अंग्रेजी भाषा की पढ़ाई नहीं होती है।
इसको ध्यान में रखकर पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने यहां के बच्चों को अंग्रेजी में पारंगत करने के लिए सरकारी स्कूलों को आत्मानंद स्कूल में तब्दील करने का फैसला किया था। इसके तहत अब तक 751 स्कूलों को आत्मानंद स्कूल में तब्दील किया जा चुका है। इनमें 14 हजार से अधिक शिक्षक संविदा पर रखे गए हैं।
बदलाव जरूरी: अग्रवाल
CG News : शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि समय के साथ बदलाव करने के लिए अंग्रेजी को भाषा के रूप में प्राइमरी स्कूल में शामिल करने का निर्णय लिया जा रहा है। सरकार की कोशिश रहेगी कि सभी प्राइमरी स्कूलों में अंग्रेजी प्रारंभ हो जाए। स्टाफ की समस्या सामने आएगी तो उसके अनुरूप निर्णय लेंगे।