
जशपुरनगर 17 अगस्त 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने गोधन न्याय योजना, चारागाह विकास, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, जल जीवन मिशन, वन अधिकार पत्र वितरण, सौर सुजला योजना, लोक सेवा गारंटी, सहित टीएल के लंबित प्रकरणों के संबंध में विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी, अपर कलेक्टर श्री आई.एल.ठाकुर, समस्त एसडीएम, जनपद सीईओ, नगरीय निकाय के सीएमओ, सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की जानकारी लेते हुए गौठानों में खाद निर्माण कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के गौठानों की तुलना में नगरीय क्षेत्र के कम्पोस्ट सेंटर में खाद निर्माण धीमा है। उन्होंने नगरीय निकाय के सीएमओ को इस संबंध में व्यक्तिगत रूचि लेते हुए खाद उत्पादन में प्रगति लाने के लिए कहा। इस हेतु वर्मी टाकों में रखे खाद की छनाई, पैकेजिंग कार्य में प्रगति लाने के लिए सभी सीएमओ को निर्देशित किया। साथ ही पोर्टल पर निर्मित खाद की एंट्री भी प्राथमिकता से करने की बात कही। उन्होंने जिले में सक्रिय गौठानों की संख्या में वृद्धि लाने के लिए सभी अधिकारियों को हिदायत दी। श्री कावरे ने जैविक खाद विक्रय के संबंध में जानकारी लेते हुए जिले के सभी सहकारी समितियों में जैविक खाद का भण्डारण कर किसानों किसानों को प्राथमिकता से वितरण कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गौठान से जुड़े सभी अधिकारी किसानों को जैविक खाद के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करे। कलेक्टर ने गौठान में मल्टीएक्टिविटी के संबंध में समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को गौठानों को आत्म निर्भर बनाने, महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने के लिए विषेश प्रयास करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की समीक्षा करते हुए सहकारी समितियों को योजनांतर्गत प्राप्त आवेदनों का षीघ्रता से पंजीकरण कराने के लिए कहा। जिले में खाद्यान्न भंडारण, राशन वितरण, पीडीएस बारदाने के उठाव के संबंध में जानकारी लेते हुए उचित मूल्य दुकानों में समय पर खाद्यान्न भण्डारण करने एवं खाली बारदाने का उठाव कराने के लिए कहा। साथ ही समय पर सोसायटियों से खाद्यान्न राशि जमा कराने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रो में घर-घर में नल जल के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की जानी है। साथ ही सभी स्कूल आंगनबाड़ी, आश्रम छात्रावासों, षासकीय भवनों में टेपनल के द्वारा पेयजल की व्यवस्था की जानी है। इस हेतु सभी अधिकारी जल जीवन मिशन के कार्यों को गंभीरता से लेते हुए कार्य करें साथ ही निर्माण कार्यों पर गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जिले के सड़को की मरम्म्त गड्ढो का भराव सहित अन्य कार्यो को भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने प्राकृतिक आपदा के प्रकरणों में तत्काल सहायता राशि प्रभावित परिवार को उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत दी जाने वाली सेवाओं जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य आवेदनों को समय-सीमा में पूर्ण करने एवं निर्धारित प्रारूप में रजिस्टर का संधारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों का जाति प्रमाण पत्र बनाने जिले में अभियान चलाने की बात कही। इस हेतु सभी एसडीएम एवं शिक्षा विभाग को प्रभावी कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर श्री कावरे ने सभी विभागों के अधिकारियों से अंतर्विभागीय कार्य एवं समय सीमा के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए टीएल, मुख्यमंत्री जन चौपाल, जन शिकायत, ई-कोर्ट, सीमांकन, नामांकन, बटांकन, अतिक्रमण, पेंशन भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति सहित अन्य लंबित प्रकरणों को गंभीरता से निराकरण करने एवं निराकृत आवेदनों को विलोपित करवाने के निर्देश दिये।




