कांकेर IED ब्लास्ट : शहीद 4 जवानों को नारायणपुर में अंतिम सलामी, पूरे सम्मान के साथ दी विदाई

कांकेर/नारायणपुर, 03 मई 2026: छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में हुए आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए 4 डीआरजी जवानों को आज नारायणपुर पुलिस लाइन में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे।


डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान हुआ विस्फोट

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की डीआरजी टीम नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी को खोजने और निष्क्रिय करने के अभियान में जुटी थी। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें तीन जवान मौके पर ही शहीद हो गए।

घटना में घायल एक अन्य जवान को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।


ये जवान हुए शहीद

इस हादसे में डीआरजी निरीक्षक सुखराम वट्टी, आरक्षक कृष्णा कुमार कोमरा, आरक्षक संजय गढ़पाले और आरक्षक परमानंद कोर्राम शहीद हो गए। उनके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक गृहग्राम रवाना किया गया।


जांच के लिए बनाई गई टीम

घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए बैलिस्टिक और फोरेंसिक टीम गठित की गई है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया है।


नक्सलमुक्त घोषणा के बाद पहली बड़ी घटना

गौरतलब है कि राज्य में नक्सलवाद के खात्मे की घोषणा के बाद यह इस तरह की पहली बड़ी घटना है। बस्तर क्षेत्र में पहले से बिछाए गए आईईडी अब भी सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के लिए खतरा बने हुए हैं।

Back to top button