तीन दिन के ब्रेक के बाद छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में बारिश के आसार

अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, कुछ इलाकों में बिजली गिरने का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तीन दिन के अंतराल के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

हालांकि, मानसून की गतिविधियां तेज होने के बावजूद प्रदेश में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 8 जुलाई तक राज्य में 239.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 286.7 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इस प्रकार प्रदेश में अब तक औसत से लगभग 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मंगलवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश

प्रदेश में अब तक सबसे अधिक बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दर्ज की गई है, जहां 450.7 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक है।

इसके अलावा दंतेवाड़ा में 356.4 मिमी, मुंगेली में 324 मिमी, सक्ती में 318.2 मिमी, महासमुंद में 309.2 मिमी, रायपुर में 297 मिमी और जांजगीर-चांपा में 293.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से अधिक है।

सरगुजा में सबसे कम बारिश

वहीं सरगुजा जिले में अब तक सबसे कम 144.4 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से 53 प्रतिशत कम है।

इसके अलावा कांकेर, जशपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कोंडागांव, बेमेतरा, सुकमा और सूरजपुर जिलों में भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से वर्षा के आंकड़ों में सुधार होने की संभावना है।

Back to top button