किण्डर वैली प्ले स्कूल में नन्हे बच्चों ने फैंसी ड्रेस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मनाया स्वतंत्रता दिवस
रायगढ़। रामलीला मैदान स्थित किण्डर वैली प्ले स्कूल में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। नन्हे बच्चों ने फैंसी ड्रेस, देशभक्ति गीतों पर नृत्य और जवानों पर आधारित लघु नाटक के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की डायरेक्टर रीनू थवाईत ने महात्मा गांधी और अमर शहीद भगत सिंह की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के बाद बच्चों ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
स्कूल परिसर को तिरंगे की थीम पर सजाया गया था। गुब्बारों, अशोक चक्र, लाल किले और उड़ते जहाजों के कटआउट से परिसर को आकर्षक रूप दिया गया। मुख्य प्रवेश द्वार पर भी तिरंगे रंगों से सजावट की गई थी। बच्चों ने लाल कालीन पर तस्वीरें खिंचवाकर कार्यक्रम का आनंद लिया।
नन्हे फौजियों ने प्रस्तुत की जवानों की कहानी
कार्यक्रम में बच्चों ने सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवानों के जीवन और उनके साहस को लघु नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया। फौजी की वर्दी में सजे बच्चों ने सैनिकों की भूमिका निभाई। इसके बाद देशभक्ति गीतों पर बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
तिरंगे के रंगों में सजे तीन समूह
स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को नारंगी, सफेद और हरे रंग की टी-शर्ट के आधार पर तीन समूहों में विभाजित किया। बच्चों की पोशाक भी तिरंगे की थीम पर तैयार की गई थी। हाथों में छोटे तिरंगे, कलाई पर तिरंगे रंगों के बैंड और चेहरे पर तिरंगे के रंग लगाए बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे।
इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के रंगों और उनके महत्व से परिचित कराया गया।
फैंसी ड्रेस में दिखी देश और प्रकृति की झलक
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने अलग-अलग किरदार और रूप धारण किए। कोई भगत सिंह बना तो कोई भारत माता की वेशभूषा में नजर आया। कुछ बच्चों ने सैनिक और पुलिसकर्मी की पोशाक पहनकर देशसेवा का संदेश दिया।
वहीं कुछ बच्चे मदर टेरेसा, मोर, बाघ, आम, कमल और वटवृक्ष की वेशभूषा में दिखाई दिए। बच्चों की मासूमियत और उत्साह ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर डायरेक्टर रीनू थवाईत ने बच्चों को चॉकलेट वितरित की। चॉकलेट पाकर बच्चों में खुशी देखने को मिली। आयोजन को सफल बनाने में को-ऑर्डिनेटर नम्रता चौहान, शिक्षिका दिव्या यादव और स्कूल के सभी स्टाफ सदस्यों का सहयोग रहा।











