केमिकल फैक्ट्री में फटा बॉयलर, 12 लोगों की मौत,

उत्तर प्रदेश में हापुड़ की एक पटाखा और केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने का मामला सामने आया है. इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई है. वहीं करीब 19 लोग इस घटना में घायल हुए हैं. इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पूरा मामला धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी यानी औद्योगिक क्षेत्र का है. इस घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ समेत राज्य के कई मंत्रियों ने शोक व्यक्त किया है.

हापुड़ की जिलाधिकारी मेधा रुपम में बताया कि धौलान की संबंधित इंडस्ट्रीज को इलेक्ट्रॉनिक्स सामन बनाने का लाइसेंस मिला हुआ है. लेकिन वहां विस्फोटक किस आधार पर बनाया जा रहा था. इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी. अधिकारी ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

धमाके में दहला इलाका

हापुड़ की जिलाधिकारी रुपम ने कहा कि हमारा प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि घायलों का उचित इलाज किया जाए. हालांकि कुछ घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया है. प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई फैक्ट्रियों की छतें उड़ गई. हादसे के बाद पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर हालात को नियंत्रित किया और राहत बचाव कार्य शुरू किया.

प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हापुड़ में हुई इस घटना में मारे गए लोगों को लेकर ट्वीट किया- उत्तर प्रदेश के हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में हुआ हादसा हृदयविदारक है. इसमें जिन लोगों को जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. घायलों के इलाज और दूसरी हर संभव सहायता में राज्य सरकार तत्परता से जुटी है.

वहीं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- जनपद हापुड़ स्थित फैक्ट्री में बॉयलर फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से राहत-बचाव कार्य संचालित करने एवं घायलों का समुचित उपचार कराने हेतु निर्देश दिए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button