
केले की आड़ में करोड़ों का गांजा: महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 912 किलो जब्त
महासमुंद-बसना, 18 अप्रैल (आरएनएस)। केले की खेप के बीच छिपाकर करोड़ों रुपये का गांजा सप्लाई करने की साजिश का महासमुंद पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है।
केले के नीचे छिपा था गांजा
पुलिस ने पलसापाली बैरियर के पास नाकाबंदी कर ओडिशा से उत्तरप्रदेश जा रही एक आईशर प्रो 2059 ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर से केले की खेप लदी मिली, लेकिन अंदर 29 बोरियों में 912.760 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था।
4.56 करोड़ का गांजा जब्त
जब्त गांजे की कीमत लगभग 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं वाहन, मोबाइल और अन्य सामान सहित कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
फर्जी नंबर प्लेट से कर रहे थे तस्करी
तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। मौके से दो मोबाइल फोन और चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।
एक आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में झारखंड के पूर्वी सिंहभूम निवासी अब्दुल नईम (42) को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तरप्रदेश भेजी जा रही थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
पिछले 3 महीने में बड़ी कार्रवाई
महासमुंद पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले तीन महीनों में 72 मामलों में 5629 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है और 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब हाईवे पर फल की आड़ में नशे की तस्करी करना आसान नहीं है, पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।


