कॉलेज मैदान में हेलिपैड निर्माण पर बवाल छात्रों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

*खेल मैदान में बनाया  जा रहा है हेलिपैड छात्रों का फूटा आक्रोश*

किरंदुल= शासकीय अर्विद महाविद्यालय, किरंदुल के खेल मैदान में हेलिपैड निर्माण को लेकर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा है। जिला प्रशासन द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के विरोध में छात्र संगठन ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। छात्रों का कहना है कि यह मैदान महाविद्यालय का एकमात्र प्रमुख खेल परिसर है, जहां वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं, महोत्सव और विभिन्न गतिविधियां आयोजित होती हैं।

छात्रसंघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में विद्यार्थी महाविद्यालय परिसर में एकत्रित हुए और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की। छात्रों ने आरोप लगाया कि बिना विधिवत अनुमति और महाविद्यालय परिवार से चर्चा किए हेलिपैड निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जो नियमों के विरुद्ध है।

*मैदान बचाने की मांग*

छात्रों का कहना है कि यदि मैदान में स्थायी रूप से हेलिपैड बना दिया गया तो खेल गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित होंगी। महाविद्यालय में पहले से ही खेल संसाधनों की कमी है, ऐसे में मैदान का उपयोग अन्य कार्यों के लिए करना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय होगा।

*उग्र आंदोलन की चेतावनी*

छात्र नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य बंद कर मैदान को पूर्व स्थिति में बहाल नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। छात्रों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं मैदान से हेलिपैड हटाने का कदम भी उठाएंगे।

*प्रशासन ने संभाली स्थिति*

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अडिग हैं और मैदान बचाने की लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहरा रहे हैं।

अब देखना यह है कि प्रशासन और महाविद्यालय प्रबंधन इस विवाद का क्या समाधान निकालते हैं। फिलहाल, किरंदुल का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button