कोतरा रोड दुग्ध डेयरी क्षेत्र में विकसित होगा आधुनिक ऑक्सीजोन, 7.86 करोड़ की स्वीकृति

रायगढ़। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 स्थित राजीव नगर (दूध डेयरी क्षेत्र) को अब एक आधुनिक और आकर्षक ऑक्सीजोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के माध्यम से शहरवासियों को हरियाली, स्वास्थ्य और मनोरंजन से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।


वित्त मंत्री के प्रयासों से मिली स्वीकृति

प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के विशेष प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य शासन द्वारा लगभग 7 करोड़ 86 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। शनिवार सुबह वित्त मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर कार्ययोजना और डिजाइन का अवलोकन किया तथा आवश्यक निर्देश दिए।


मूलभूत ढांचे का किया जाएगा विकास

परियोजना के अंतर्गत पुरानी उपयोगी संरचनाओं का उन्नयन किया जाएगा और पूरे क्षेत्र का समतलीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही सीमांकन दीवार, मुख्य द्वार, नालियों का निर्माण एवं बेहतर जल निकासी और आवागमन की व्यवस्था विकसित की जाएगी।


हरियाली और मनोरंजन सुविधाओं पर जोर

ऑक्सीजोन में विशेष रूप से हॉर्टिकल्चर, लैंडस्केपिंग और आकर्षक पाथवे तैयार किए जाएंगे। नागरिकों के लिए ओपन जिम, बैठने की व्यवस्था, गज़ेबो (विश्राम स्थल) और खेल मैदान में मंच का निर्माण किया जाएगा, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें।


आधुनिक सुविधाओं का होगा समावेश

परियोजना के तहत विद्युत व्यवस्था, जल आपूर्ति, ट्यूबवेल, शौचालय, गार्ड रूम और सेप्टिक टैंक जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। साथ ही संपूर्ण परियोजना के लिए तीन वर्षों तक रखरखाव का प्रावधान भी शामिल किया गया है।


फूड कोर्ट और पार्किंग सहित अन्य विकास कार्य

निकटवर्ती क्षेत्र में एसएलआरएम सेंटर का निर्माण, मिल्क फैक्ट्री एवं सामुदायिक भवन का मरम्मत और नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा 10 दुकानों वाले फूड कोर्ट, पार्किंग क्षेत्र, अतिरिक्त बाउंड्री वॉल और गेट का निर्माण कर पूरे क्षेत्र को एक समग्र नागरिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।


युवाओं की मांगों को मिलेगी प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान स्थानीय युवाओं और निवासियों ने क्रिकेट सहित अन्य खेल सुविधाओं की मांग रखी, जिस पर वित्त मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को इन मांगों को प्राथमिकता में शामिल करने के निर्देश दिए।


जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, मुकेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह छत्रिय, हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता अभिषेक तिवारी तथा एसडीएम महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button