छत्तीसगढ़

कोरबा के वरिष्ठ पत्रकार विनोद जायसवाल ने किया देहदान का संकल्प, मेडिकल कॉलेज में पूरी की औपचारिकताएं

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
1795435532630

कोरबा। कोरबा जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी विनोद जायसवाल ने देहदान का संकल्प लेते हुए मेडिकल शिक्षा और मानव सेवा की दिशा में अनुकरणीय पहल की है। उन्होंने 25 नवंबर 2026 को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा के शरीर रचना विज्ञान (एनाटॉमी) विभाग में स्वैच्छिक देहदान से संबंधित घोषणा पत्र की औपचारिकताएं पूरी कीं।

‘चिकित्सा के विद्यार्थियों के लिए पुस्तक बने शरीर’

विनोद जायसवाल ने कहा कि उनकी इच्छा है कि मृत्यु के बाद उनका शरीर मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए एक पुस्तक या ग्रंथ की तरह बने, जिससे विद्यार्थी मानव शरीर की संरचना और चिकित्सा विज्ञान का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि यदि उनके इस निर्णय से भविष्य में तैयार होने वाला कोई चिकित्सक किसी जरूरतमंद की जान बचा सके, तो यही उनके जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता होगी।

30 वर्षों की पत्रकारिता और जनजातीय क्षेत्रों में सामाजिक कार्य

लगभग तीन दशकों के पत्रकारिता अनुभव के साथ विनोद जायसवाल कोरबा जिले के पहाड़ी कोरवा, बिरहोर और पंडो जैसी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, शराबबंदी, महिला सशक्तिकरण, अंधविश्वास उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर निरंतर काम करते रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत जलेके के तेंदूटिकरा में पंडो परिवारों के बीच शराबबंदी की पहल, पोड़ी-उपरोड़ा के गुडरुमुड़ा में बिरहोर समुदाय को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने, मदनपुर में महिला स्वसहायता समूहों के साथ मटका फोड़ अभियान तथा मानिकपुर के तीनधारा स्थित पंडोपारा में श्रमदान से रास्ता निर्माण और आंगनबाड़ी संचालन जैसे प्रयासों के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया गया है।

फाउंडेशन के जरिए जनहित के कार्य और देहदान पर जागरूकता का संदेश

विनोद जायसवाल के नेतृत्व में संचालित मतदाता जन चेतना मीडिया फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के माध्यम से गौवंश संरक्षण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, नेत्रदान जागरूकता, चश्मा व कंबल वितरण, स्वास्थ्य शिविर और मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहे हैं।

देहदान के निर्णय को साझा करने के पीछे का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में देहदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों और संकोच को दूर करने के लिए इस विषय पर खुलकर सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए आगे आ सकें।

भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button