कोरबा में जन्मदिन की पार्टी के बाद युवक की हत्या, बोलेरो कैंपर से कुचलकर आरोपी फरार
कोरबा। कोरबा जिले में जन्मदिन की पार्टी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मामूली विवाद के बाद एक युवक की बोलेरो कैंपर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल दीवान के बीच कहासुनी हो गई। उस समय साथियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन से उज्ज्वल दीवान को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल दीवान को जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद यह घटना हुई। पुलिस घटनास्थल के साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


