कोरबा : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म; प्लाटून कमांडर के खिलाफ मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
कोरबा: जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्लाटून कमांडर प्रमोद महंत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी प्रमोद महंत ने उससे दोस्ती की और शादी करने का वादा किया। पीड़िता का आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी ने उसे लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक शोषण का शिकार बनाया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने पहले आनाकानी की और फिर साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया। आरोपी के मुकर जाने के बाद पीड़िता ने दर्री थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी प्रमोद महंत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पीड़िता के बयान दर्ज किए गए हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वर्तमान में आरोपी की तलाश के लिए पुलिस सक्रिय रूप से छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।



