कोरबा: हसदेव डैम में युवती का शव मिला, आत्महत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

सोमवार से लापता थी युवती, मछुआरों की सूचना पर डैम से बरामद हुआ शव

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हसदेव डैम से एक 30 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

मछुआरों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह हसदेव डैम के 10 नंबर गेट के पास मछली पकड़ रहे मछुआरों ने पानी में एक शव तैरता देखा। इसकी सूचना तत्काल दर्री पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की।

सोमवार से घर से थी लापता

मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30) निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि नंदनी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

पार्लर का प्रशिक्षण ले रही थी युवती

परिजनों के अनुसार, नंदनी पार्लर का प्रशिक्षण ले रही थी और उसका विवाह नहीं हुआ था। मंगलवार सुबह डैम में युवती का शव मिलने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।

जांच के बाद होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। दर्री पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button