एनटीपीसी लारा के संरक्षित क्षेत्र में हमला: कर्मचारी घायल, सुरक्षा पर सवाल
पुसौर, रायगढ़ (छत्तीसगढ़), 09 मार्च 2025
अवैध घुसपैठ कर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे एनटीपीसी लारा परिसर स्थित धर्मकांटा के पास नेतनगर, रायगढ़ निवासी दीपे सिंह और अन्य ने एनटीपीसी कर्मचारी सुशांत प्रधान और संविदा श्रमिक रति राम पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे सुशांत प्रधान को गंभीर चोटें आईं और वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गए। संविदा श्रमिक रति राम भी इस हमले में घायल हुए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस से पुसौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सुरक्षित क्षेत्र में हमले से कर्मचारियों में भय
एनटीपीसी परिसर एक संरक्षित क्षेत्र है, जहां बाहरी व्यक्तियों का अनधिकृत प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके बावजूद आरोपियों ने अवैध रूप से घुसपैठ कर कर्मचारियों पर हमला किया। इस घटना के बाद एनटीपीसी कर्मियों में गहरी नाराजगी है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
कर्मचारियों की मांग – आरोपियों पर हो सख्त कार्रवाई
एनटीपीसी कर्मचारियों ने घटना पर कड़ा विरोध जताया है और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कर्मचारियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत संरक्षित क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश और सरकारी कार्यों के दौरान लोक सेवक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त धाराएं लगाई जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कर्मचारी निर्भय होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।



