कौन बनेगा राष्ट्रपति? मतों की गिनती आज, द्रौपदी मुर्मू रेस में आगे

देश को गुरुवार को यानी आज पता चल जाएगा कि देश का 15वां राष्ट्रपति कौन होगा। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान हो चुका है। गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे यहां संसद भवन में मतगणना शुरू होगी। एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू, जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। मुर्मू की जीत की काफी संभावना जताई जा रही है। यदि वह जीत हासिल करती हैं, तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी। वहीं, नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज पूछताछ की जाएगी। कांग्रेस पार्टी ने बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन की तैयारी की है।

नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से आज पूछताछ करेगी ईडी, कांग्रेस का प्रदर्शन

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होंगी। इस बीच, जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस संसद से सड़क तक प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने अन्य विपक्षी दलों से भी एकजुटता दिखाने का अनुरोध किया है। इस बीच, पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को पार्टी मुख्यालय बुलाया है।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तय समय पर ईडी मुख्यालय जाएंगी। पार्टी अध्यक्ष को ईडी मुख्यालय तक छोड़ने के लिए पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी उनके साथ जा सकती हैं। इससे पहले ईडी इस मामले में राहुल गांधी से लगातार कई दिन तक 51 घंटे से ज्यादा पूछताछ कर चुकी है।

24 जुलाई को खत्म हो रहा है कोविंद का कार्यकाल

देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे। सभी राज्यों से मतपत्र संसद भवन लाए जा चुके हैं। चुनाव अधिकारी संसद के कमरा संख्या 63 में मतगणना के लिए तैयार हैं। इस कक्ष में मतपत्रों की 24 घंटे कड़ी सुरक्षा की जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पीसी मोदी गुरुवार को मतगणना की निगरानी करेंगे। शाम तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button