
खनिज विभाग की देर रात कार्रवाई, अवैध रेत उत्खनन में लगी पोकलेन-जेसीबी जब्त
रायगढ़ जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त अभियान के दौरान पोकलेन, जेसीबी और ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं।
लेबड़ा और रानीगुड़ा में चली कार्रवाई
खनिज विभाग की टीम ने 18 मई की रात 10 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी।
ग्राम लेबड़ा में अवैध रेत उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेड पोकलेन मशीन को जब्त कर सील किया गया। वहीं ग्राम रानीगुड़ा में कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए।
जब्त वाहनों को कलेक्टोरेट परिसर लाया गया है।
वाहन मालिकों पर प्रकरण दर्ज
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि वाहन मालिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 और 23क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मामलों में आगे वैधानिक कार्रवाई और शास्ति की प्रक्रिया की जाएगी।
अभियान लगातार रहेगा जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
खनिज संसाधनों के अवैध दोहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


