खरमोरा में खाली पड़ी निजी भूमि पर होगा वृक्षारोपण कदम पेड़ के नीचे लगी चैपाल, भू-स्वामी किसानों ने वृक्षारोपण के लिए दी सहमति

दिलीप कुमार वैष्णव@आपकी आवाज
कोरबा छत्तीसगढ़ – शहर के इंडस्ट्रीयल एरिया से लगी लगभग 32 हेक्टेयर निजी भूमि पर मुख्यमंत्री वृक्षारोपण योजना के तहत फलदार और इमारती पेड़ लगाए जाएंगे। इस जमीन के भू-स्वामी किसानों ने आज कलेक्टर श्रीमती रानू साहू की उपस्थिति में वृक्षारोपण के लिए सहमति जताई है। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने आज सुबह से ही कोरबा विकासखण्ड के विभिन्न स्थानों का सघन दौरा किया और किसानों तथा हितग्राहियों से मुलाकात की। श्रीमती साहू ने खरमोरा में कदम पेड़ के नीचे चैपाल लगाई और आसपास के किसानों से शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत की जानकारी ली। इस दौरान ही किसानों ने इंडस्ट्रीयल एरिया से लगी अपनी जमीनों पर वृक्षारोपण के लिए सहमति दी। किसानों ने कलेक्टर से इस जमीन से होकर बहने वाले नाले को बांधने या पक्का करने की भी मांग की। कलेक्टर श्रीमती साहू ने इस पर निरीक्षण कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन किसानों को दिया। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार, एसडीएम श्री सुनील नायक, सीएमएचओ डाॅ. बी. बी. बोडे, उप संचालक कृषि श्री अनिल शुक्ला, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री दिनकर, तहसीलदार मनहरण राठिया, जनपद पंचायत के सीईओ जी. के. मिश्रा सहित सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
धान के बदले मक्का और श्री विधि से धान की खेती का भी कलेक्टर ने किया अवलोकन – कलेक्टर श्रीमती साहू ने खरमोरा से दादर खुर्द गांव पहुंचकर धान के बदले मक्का की खेती करने वाले किसान अंगद यादव के खेत का भी अवलोकन किया। उन्होंने श्री यादव की उन्नत तरीके से खेती करने की तारीफ की। श्री अंगद यादव ने लगभग चार एकड़ रकबे में धान के बदले मक्का लगाया है। कृषि विभाग के उपसंचालक श्री अनिल शुक्ला ने बताया कि अंगद यादव ने पिछले वर्ष धान की भी उन्नत खेती की थी और जिले में एक हेक्टेयर रकबे में सर्वाधिक लगभग एक सौ क्विंटल धान की पैदावार ली थी। कलेक्टर ने उन्नत खेती कर आगे बढ़ने और गांव के दूसरे लोगों को भी खेती से लाभ कमाने के लिए प्रेरित करने पर श्री अंगद यादव की प्रशंसा की और खेती के लिए सभी संभव मदद भी उपलब्ध कराने के निर्देश कृषि विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्रीमती साहू ने दादर खुर्द में ही श्रीमती अंजलि राठिया द्वारा श्री विधि से की जा रही धान की उन्नत खेती का भी अवलोकन किया। महिला किसान श्रीमती राठिया ने कलेक्टर को बताया कि इस बार उन्होंने बिना रासायनिक खाद का उपयोग किए श्री विधि से धान की फसल लगाई है। कृषि विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरी तरह से केवल वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग किया है। कलेक्टर ने श्रीमती राठिया को जैविक खेती के इस प्रयोग के लिए शुभकामनाएं दीं और सभी प्रकार के तकनीकी मार्गदर्शन के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
गोढ़ी पहुंची कलेक्टर श्रीमती साहू, स्कूल, अस्पताल आंगनबाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण – आज कलेक्टर श्रीमती साहू ने गोढ़ी ग्राम पंचायत पहुंचकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र खड़ियापारा और हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान ग्राम पंचायत भवन गोढ़ी में किसानों को पांच पावर स्पेयर पंप और पेट्रोल चलित एक सिंचाई पंप भी वितरित किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोढ़ी में प्रयोगशाला कक्ष के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रैक्टिकल के लिए जरूरी सामग्री की आपूर्ति में देरी पर नाराजगी व्यक्त की और अतिशीघ्र सभी जरूरी सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भवन की जर्जर स्थिति पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई की व्यवस्था ठीक नहीं होने पर बीईओ श्री संजय अग्रवाल को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। श्रीमती साहू ने शाला भवन की मरम्मत के लिए तकनीकी निरीक्षण कर प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी आरईएस विभाग के कार्यपालन अभियंता को दिए। खड़ियापारा आंगनबाड़ी केन्द्र में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती साहू को पीने के पानी की समस्या की जानकारी मिली। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आगंनबाड़ी केन्द्र में टंकी लगाकर पास ही स्थित नलकूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित प्रभारी डाॅक्टर से दैनिक मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने वेलनेस सेंटर में बने भर्ती कक्ष और उपलब्ध जीवन रक्षक दवाईयों की भी जानकारी डाॅक्टरों से ली। कलेक्टर ने बिहानपारा में स्थापित सौर उर्जा चलित 12 स्टेजिंग नल-जल योजना का भी अवलोकन किया। इस योजना से 750 मीटर पाईप लाइन के माध्यम से बिहानपारा के 72 घरों में नल लगाकर पानी की आपूर्ति की जा रही है।

[img-slider id="274450"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button