खरसिया में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट ऑर्गेनाइजेशन का शपथग्रहण समारोह संपन्न, पत्रकारों ने निष्पक्ष पत्रकारिता का लिया संकल्प
रायगढ़/खरसिया, 5 अगस्त। खरसिया स्थित गायत्री मंदिर हॉल में मंगलवार को छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट ऑर्गेनाइजेशन का शपथग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के साथ समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की शपथ ली।
समारोह के मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेशाध्यक्ष व्यास पाठक रहे, जबकि अध्यक्षता समाजसेवी ओमप्रकाश गोयल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत सचदेव, प्रदेश महासचिव रमेश अग्रवाल, प्रदेश सचिव अरुणधर पंडा तथा रायगढ़ जिलाध्यक्ष महादेव परिहारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में ओमप्रकाश गोयल ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता, निर्भीकता और सत्यनिष्ठा के साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर खरसिया तहसील के संरक्षक अमर मंत्री, राजेश शर्मा, संटी सोनी और नैना वैष्णव सहित ब्लॉक अध्यक्ष राकेश गायत्री, सचिव संजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष विष्णु चंद्र शर्मा, डिग्री लाल सिदार, लक्ष्मी पटेल, रविशंकर पटेल एवं अन्य पदाधिकारियों ने संगठन, समाज और राष्ट्रहित में निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ ली। सभी पदाधिकारियों को प्रदेशाध्यक्ष व्यास पाठक ने शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकार हितों की रक्षा करने तथा निष्पक्ष और जनपक्षधर पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज बुलंद करने का संकल्प भी लिया। समारोह में संगठन से जुड़े पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।


