खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने “सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया।

45 दिवसीय जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने बाजार अतरिया, छुईखदान और खैरागढ़ क्षेत्र में कई दुकानों का निरीक्षण किया।


एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त

निरीक्षण के दौरान बाजार अतरिया स्थित वर्मा बेकर्स से एक्सपायरी माजा की बोतलें और वर्मा किराना स्टोर्स से कालातीत नमकीन एवं कुरकुरे जब्त किए गए।

इसी तरह छुईखदान के कृष्णा बेकर्स से एक्सपायरी कोकोनट वाटर और अन्य पैकेज्ड खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

खैरागढ़ के नर्मदा क्षेत्र स्थित माँ नर्मदा डेली नीड्स से भी एक्सपायरी खाद्य पैकेट बरामद किए गए।


डेयरी, मिठाई और मेडिकल दुकानों की भी जांच

अभियान में खाद्य सुरक्षा टीम के साथ राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम भी शामिल रही।

टीम ने डेयरी, मिठाई दुकानों, जूस सेंटरों, किराना स्टोर्स, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर यूनिट और मेडिकल प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया।


खाद्य सामग्री में अखाद्य रंग पर सख्ती

अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों में अखबारी कागज, अखाद्य रंग या निर्धारित मात्रा से अधिक रंग का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है।

नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।


कई दुकानों में नहीं मिले लाइसेंस

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पंजीयन और लाइसेंस नहीं पाए गए। संबंधित संचालकों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।

विभाग के अनुसार अब तक लगभग 50 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कई को पंजीयन जारी किया जा चुका है।


लोगों से सावधानी बरतने की अपील

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और गुणवत्ता की जांच करने की अपील की है।

विभाग ने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।

Back to top button