
खुद को बताया पुलिस अधिकारी,एसपी के लिए सोने की चेन लेकर फरार
तीन चेक देकर मैनेजर को करता रहा गुमराह,जुर्म दर्ज कर जांच कर रही पुलिस
बिलासपुर। ज्वेलरी दुकान में पहुंचे व्यक्ति ने खुद को पुलिस का अधिकारी बताया। उसने एसपी मैडम के लिए सोने की चेन खरीदने की बात कही। इसके बाद उसने अलग-अलग दिन तीन चेन खरीदे। इसके लिए उसने मैनेजर को तीन चेक भी दिए। बाद में वह मैनेजर को नकद देने की बात कहते हुए बैंक में चेक नहीं लगाने कहा। उसके झांसे में आकर मैनेजर ने चेक नहीं लगाया। बाद में शंका होने पर उसने चेक बैंक में लगा दिया। चेक बाउंस होने पर मैनेजर ने इसकी शिकायत तारबाहर थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
महासमुंद के गांधी चौक में रहने वाले प्रकाश शर्मा अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स के एटी ज्वेलर्स में मैनेजर हैं। उन्होंने तारबाहर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत की है। मैनेजर ने अपनी शिकायत में बताया कि नौ नवंबर को उनके शोरूम में एक व्यक्ति आया। उसने अपना नाम योगेंद्र अनंत बताते हुए खुद को एसपी कार्यालय में पदस्थ पुलिस अधिकारी बताया। उसने एसपी मैडम के लिए सोने की चेन खरीदने की बात कही। जालसाज ने 15.740 ग्राम सोने की चेन खरीदी। इसके लिए उसने मैनेजर को 87 हजार 838 स्र्पये का चेक दिया।
उसने मैनेजर को चेक बैंक में लगाने से मना करते हुए नकद देकर चेक ले जाने की बात कही। इसके बाद वह 23 नवंबर को शोरूम में आया। मैनेजर को अपनी बातों में उलझाकर उसने 24 ग्राम वजन की चेन ले ली। इसके दूसरे दिन उसने 23 ग्राम वजनी सोने की चेन ली। इसके लिए एक लाख 33 हजार 686 स्र्पये और एक लाख 36 हजार स्र्पये का चेक दिया। उसने मैनेजर को बैंक में चेक लगाने से मना किया था। साथ ही जल्द ही नकद रकम देकर चेक ले जाने की बात कहता रहा।
जालसाज 29 नवंबर तक मैनेजर से मोबाइल पर बात करता रहा। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। धोखाधड़ी की आशंका पर मैनेजर ने दो चेक बैंक में लगाए। दोनों चेक बाउंस हो गए। मैनेजर ने इसकी शिकायत तारबाहर थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।