जशपुर : एनएच-43 पर ट्रक के पीछे घुसी बाइक, युवक की मौके पर मौत

गिरांग मोड़ के पास हादसा, बंपर में फंसकर काफी दूर तक घिसटी बाइक; पुलिस ने शुरू की जांच

जशपुरनगर। कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को एनएच-43 पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गिरांग मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कोयला लदे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के बंपर में फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई।

हादसे में बाइक सवार संजय राम रौतिया, निवासी गम्हरिया गांव, की मौके पर ही मौत हो गई।

होटल से खाना लेकर जा रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक संजय राम रौतिया होटल से खाना लेकर अपनी बाइक क्रमांक WB 74 BB 4970 से जकबा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान गिरांग मोड़ के पास उसकी बाइक आगे चल रहे ट्रक क्रमांक BR 22 GB 9723 के पीछे जा भिड़ी।

बताया गया है कि ट्रक जशपुर की ओर से झारखंड की तरफ कोयला लेकर जा रहा था।

ट्रक के बंपर में फंस गई बाइक

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के पिछले बंपर में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक ट्रक के साथ कुछ दूरी तक घिसटती रही, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

संजय को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों ने ट्रक के अचानक लहराने की बात कही

मृतक के परिजनों का कहना है कि ट्रक के अचानक लहराने से संजय घबरा गया और बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।

हालांकि दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच

हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान पुलिस ट्रक और बाइक की स्थिति, सड़क की परिस्थितियों तथा दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की जानकारी जुटा रही है।

Back to top button