गैंगरेप मामले में मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल, कांग्रेस ने किया सीएमएचओ कार्यालय का घेराव

सरगुजा, 08 मई 2026: सीतापुर क्षेत्र में नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ हुए गैंगरेप मामले में मेडिकल रिपोर्ट को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को सीएमएचओ कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने चिकित्सकीय जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की।


कांग्रेस ने लगाया लापरवाही का आरोप

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पहली मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण मामले में समय पर उचित कार्रवाई नहीं हो सकी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषी चिकित्सक पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और उग्र किया जाएगा।


रैली निकालकर पहुंचे सीएमएचओ कार्यालय

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और पूर्व मंत्री डॉ. अमरजीत भगत के नेतृत्व में कांग्रेस, महिला कांग्रेस और युवक कांग्रेस के पदाधिकारी रैली निकालकर सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका, जिसके बाद सीएमएचओ बाहर आकर उनसे चर्चा की।


क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार सीतापुर थाना क्षेत्र में 24 अप्रैल की रात दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ सात आरोपियों द्वारा गैंगरेप किए जाने का मामला सामने आया था। 26 अप्रैल को सीएचसी में महिला चिकित्सक द्वारा किए गए प्राथमिक मेडिकल परीक्षण में एक बच्ची की रिपोर्ट में इंजरी और दूसरी में नो इंजरी लिखा गया था।

बाद में 29 अप्रैल को अंबिकापुर में दोबारा मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें दोनों बच्चियों के साथ गैंगरेप की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने कुल सात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।


डॉक्टर को बचाने का आरोप

पूर्व मंत्री डॉ. अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि मामले को दबाने की कोशिश की गई और गलत मेडिकल रिपोर्ट के कारण तत्काल कार्रवाई प्रभावित हुई। उन्होंने दोषी डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।


सीएमएचओ बोले- नोटिस जारी किया गया

सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने बताया कि संबंधित महिला डॉक्टर को नोटिस जारी किया गया है। जवाब मिलने के बाद कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर को भेजा जाएगा।

Back to top button