गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे किसान से दिनदहाड़े 8 हजार की लूट, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरवर में बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक किसान से दिनदहाड़े 8 हजार रुपये की लूट का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने किसान का गला दबाकर उसे साइकिल से गिरा दिया और जेब में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान ने 26 जून को गौरेला स्थित सहकारी बैंक से अपने खाते से 10 हजार रुपये निकाले थे। बैंक से निकलने के बाद उसने दुकान की उधारी चुकाने के लिए 2 हजार रुपये तिवारी लाइनमैन को दिए और शेष 8 हजार रुपये लेकर साइकिल से अपने गांव लौट रहा था।

दोपहर करीब दो बजे किसान जब अहिरान टोला तालाब के पास आम के पेड़ के नजदीक पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद शाहरुख खान ने उसे रोक लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने किसान का गला दबाकर उसे साइकिल समेत सड़क पर गिरा दिया। घटना में किसान के दाहिने पैर में चोट भी आई।

इसके बाद आरोपी किसान की पैंट की पिछली जेब में रखे 8 हजार रुपये निकालकर मौके से फरार हो गया। लूटी गई राशि में 100-100 रुपये के 6 हजार तथा 500-500 रुपये के 2 हजार रुपये शामिल थे।

घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाकर राहगीरों से मदद मांगी और रास्ते में मिले जगदीश भरिया को पूरी घटना की जानकारी दी। घर पहुंचने पर उसने अपनी पत्नी शांति राठौर और बेटे राजा राठौर को भी घटना से अवगत कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शाहरुख खान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Back to top button