ग्राम पंचायत गहनाझरिया में विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई

लैलूंगा। जनपद पंचायत लैलूंगा अंतर्गत ग्राम पंचायत गहनाझरिया में विकास कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं और गड़बड़ियों को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम लैलूंगा को शिकायत सौंपकर जांच की मांग की है। शिकायत में पंचायत के विभिन्न कार्यों में राशि के दुरुपयोग और निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं।

[img-slider id="274450"]

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में स्ट्रीट लाइट स्थापना के नाम पर लाखों रुपये खर्च दर्शाए गए हैं, जबकि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की सुविधा दिखाई नहीं देती। उनका कहना है कि अभिलेखों में कार्य पूर्ण दिखाया गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है।

शिकायत में पंचायत भवन मरम्मत कार्य को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार मरम्मत के नाम पर बड़ी राशि खर्च दिखाई गई है, जबकि भवन में सीमित स्तर पर ही कार्य कराया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वास्तविक कार्य और खर्च के बीच अंतर की जांच होनी चाहिए।

इसके अलावा बोर खनन, बोर एवं हैंडपंप मरम्मत, नाली निर्माण, रंग-रोगन और अन्य विकास कार्यों में भी अनियमितता की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति की जांच आवश्यक है।

ग्रामीणों ने नल-जल योजना के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पानी टंकी निर्माण के बावजूद कई घरों तक नियमित जल आपूर्ति नहीं पहुंच रही है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से पंचायत में कराए गए सभी विकास कार्यों की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने, संबंधित दस्तावेजों, मस्टर रोल, बिल-वाउचर, माप पुस्तिका और भुगतान अभिलेखों की समीक्षा करने की मांग की है।

फिलहाल लगाए गए आरोप शिकायत के आधार पर हैं और मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन द्वारा जांच किए जाने पर वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

Back to top button