
घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 07 मई 2026: कोतरारोड़ थाना पुलिस ने घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
परिचय का फायदा उठाकर घर पहुंचा आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी शशिरंजन द्विवेदी ट्रक चालक है और महिला के बेटे से परिचय होने के कारण उसका घर में आना-जाना था। शिकायत के मुताबिक 29 अप्रैल को जब महिला घर पर अकेली थी, तब आरोपी घर के भीतर घुस आया।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने गलत नियत से उसका हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और धमकी भी दी।
महिला ने परिवार को बताई घटना
पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपनी मां के पास पहुंची और बाद में अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। महिला ने यह भी बताया कि आरोपी ने बाद में उसके बेटे को फोन कर धमकी दी थी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
महिला की शिकायत पर थाना कोतरारोड़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी शशिरंजन द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति रायगढ़ पुलिस की शून्य सहनशीलता की नीति है और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


