घर में चोरी का खुलासा, चोर और कबाड़ी गिरफ्तार
इंडक्शन चूल्हा, मोबाइल और नकदी चोरी का मामला, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
रायगढ़, 21 जुलाई। पुसौर थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घर में घुसकर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, ग्राम जामपाली निवासी देव कुमार नायक (25) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जून 2026 की रात अज्ञात चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा और बजाज कंपनी का इंडक्शन चूल्हा, अर्पणा कंपनी का रेडियो, वीवो मोबाइल फोन तथा नगदी चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना पुसौर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने डिलेश्वर सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि मोबाइल और रेडियो को झाड़ियों में फेंक दिया था, जबकि इंडक्शन चूल्हा कबाड़ी बलदेव साव को बेच दिया था। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 3,950 रुपये नकद बरामद किए गए।
कबाड़ी से बरामद हुए इंडक्शन के हिस्से
पुलिस ने कबाड़ी बलदेव साव से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी का इंडक्शन चूल्हा एक हजार रुपये में खरीदने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चूल्हे को तोड़कर कबाड़ में मिला दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से इंडक्शन चूल्हे के टूटे हुए हिस्से बरामद किए। चोरी की संपत्ति खरीदने के आरोप में उसके खिलाफ भी बीएनएस की धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में डिलेश्वर सोनी (23), निवासी जामपाली दीपापारा, थाना पुसौर तथा बलदेव साव (53), निवासी वार्ड क्रमांक-20, कोड़ातराई, थाना जूटमिल शामिल हैं।
एसएसपी ने नागरिकों से की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले भी कानून की गिरफ्त से नहीं बचेंगे। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध सामान की खरीद-बिक्री से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।



