चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, बुजुर्ग पति ने चापड़ से काटा गला

बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, आरोपी गिरफ्तार

[img-slider id="274450"]

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चरित्र शंका के चलते एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने घर में रखे चापड़ से हमला कर पत्नी का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी के संगम नगर की है।

घर में अकेले थे पति-पत्नी

पुलिस के अनुसार बंचूराम सोनवानी (64) अपनी पत्नी सुमित्रा सोनवानी (60), बेटे और बहू के साथ रहता था। घटना के समय बेटा और बहू घर में निर्माण कार्य के लिए मजदूरों के साथ काम कर रहे थे, जबकि पति-पत्नी घर के भीतर मौजूद थे।

इसी दौरान बंचूराम ने घर में रखे चापड़ से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुमित्रा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

चरित्र पर करता था शक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। मृतका का अन्य लोगों से बातचीत करना उसे पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

मंगलवार को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दे दिया।

मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच

सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि आरोपी की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

हालांकि हत्या के पीछे मुख्य वजह चरित्र शंका बताई जा रही है।

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ जब्त कर लिया है और आरोपी बंचूराम सोनवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

Back to top button