चाकू की नोक पर लूटी थी बाइक, मोबाइल और नकदी, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल
दो लूट की वारदातों का खुलासा, जोगीडीपा के दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए जोगीडीपा क्षेत्र के दो बदमाश प्रवृत्ति के युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी और शाहीद सारथी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों ने 10 जून 2026 की रात दो अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था।
पहली वारदात में युवक से लूटी बाइक और नकदी
रात करीब 10 बजे जोगीडीपा स्थित गंगाराम तालाब के पास आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए किशन साहू की जेब से 200 रुपये निकाल लिए और उसकी मोटरसाइकिल छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर दोनों ने मारपीट की। इसी दौरान सन्नी सारथी ने चाकू से हमला किया और प्रार्थी की मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गया।
दूसरी घटना में चाकू दिखाकर लूटा मोबाइल
दूसरी घटना इंदिरानगर निवासी अभिषेक नागराज के साथ हुई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 10 जून की रात करीब 11:45 बजे वह केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से अपने घर लौट रहा था।
घर के पास स्थित बोरिंग के समीप दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से पहुंचे और चाकू दिखाकर पैसे मांगने लगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दबोचे आरोपी
दोनों घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
चाकू, बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
वहीं आरोपी शाहीद सारथी के पास से लूटा गया मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
कोतवाली थाना में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में लूट, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



