
चारागाह और तालाब की जमीन पर अतिक्रमण कर धान की बोवाई
शासन की महत्वकांक्षी योजना पर लग रहा ग्रहण, नहीं हो रही कार्रवाई, अतिक्रमणकारियो के हौसले बुलन्द
बलौदाबाजार,
फागुलाल रात्रे, लवन।
फागुलाल रात्रे, लवन।
पंचायत क्षेत्र में ग्राम पंचायत प्रशासन सहित राजस्व विभाग की अनदेखी के कारण दिनोदिन अतिक्रमणकारियों के हौसलें बुलंद होते जा रहे है। शासकीय तालाब हो या चारागाह भूमि हो या कोई भी शासकीय जगह हो अतिक्रमणकारियों से नहीं बच पा रहे है। इनके द्वारा शासकीय भूमि को अपना समझकर मकान बाड़ी या फिर धान की बोवाई कर दे रहा है। कुछ इसी तरह का मामला ग्राम पंचायत डोंगरा में देखने को मिल रहा है। यँहा ग्राम डोंगरा व डोंगरीडीह के कुछ व्यक्तियों के द्वारा चारागाह व नया तालाब की जमीन पर धान की बोवाई कर दिया गया है। जिसकी शिकायत सरपंच व पंचगणों ने कलेक्टर से कर कार्यवाही की मांग किये है।
शिकायतकर्ता ग्राम डोंगरा के सरपंच मनोज कुमार टण्डन उपसरपंच शिव वर्मा पंच हितेश, भूपेन्द्र वैष्णव, अनुपबाई वर्मा, भूपेन्द्र चेलक, सविता, तोरण वर्मा, वंदन देवी, गंगा, संतोषी बाई, बसंती ने बताया कि ग्राम डोंगरा में टिभू पिता शिवदयाल वर्मा तथा राजकुमार पिता हरदयाल वर्मा के द्वारा नया तालाब में कब्जा कर ट्रेक्टर से जोताई कराकर धान की बोवाई कर दिया गया है। जबकि डोंगरा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत नया तालाब निर्माण कार्य की स्वीकृति हुआ था। जिसके तहत तालाब गहरीकरण का कार्य 2020 में कराया गया था। उक्त तालाब को वर्तमान में गांव के ही दो व्यक्तियों के द्वारा कब्जा कर धान की बोवाई कर दिया गया है। इसी तरह छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी योजना गोठान के चारागाह भूमि पर ग्राम डोंगरीडीह के व्यक्ति भीषम पिता बलभद्री सतनामी, ईतवारी पिता घुसू सतनामी, कल्याण सिंग पिता सुखचैन केंवट के द्वारा पंचायत के द्वारा आरक्षित की हुई भूमि पर बलपूर्वक अतिक्रमण किया हुआ है। उक्त चारागाह की भूमि पर नाली निर्माण व वृक्षारोपण का कार्य पंचायत के द्वारा कराया गया है। जिसे अतिक्रमणकारियों के द्वारा ध्वस्त कर नुकसान पहुंचा दिया गया है। यँहा तक कि गोठान के चारो तरफ हुए बाउंड्रीवाल को नुकसान तथा वृृक्षों को नुकसान पहुंचाकर धान की बोवाई किया गया है। इनके खिलाफ 04 जुलाई 2022 को जिले के मुखिया कलेक्टर के पास शिकायत किया गया था। शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर पुनः 20 जुलाई को कलेक्टर के पास शिकायत कर अतिक्रमणकारियों पर शीघ्र ही कार्रवाई की मांग किया गया है।
