चैंबर चुनाव में व्यापारियों के उत्साहपूर्ण मतदान पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास ने जताया आभार

रायगढ़ – छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास ने हृदय से आभार प्रकट किया है। उन्होंने मतदान करने वाले सभी व्यापारी बंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी है। इन्हीं के सतत प्रयासों से व्यापारिक गतिविधियां संचालित होती हैं और प्रदेश की आर्थिक प्रगति सुनिश्चित होती है।

सुशील रामदास ने आगे कहा कि रायगढ़, घरघोड़ा, लैलूंगा, खरसिया और धरमजयगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारी बंधुओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। उन्होंने सभी मतदाताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह भागीदारी चैंबर के प्रति व्यापारी वर्ग की आस्था और जागरूकता को दर्शाता है।

सरकार से सहयोग की अपील करते हुए सुशील रामदास ने कहा कि व्यापारी और शासन के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। यदि सरकार उदारता से व्यापारियों को सहयोग प्रदान करे, तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत बन सकती है। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार व्यापारियों को साथ लेकर चले, जिससे नीतियों का प्रभाव धरातल पर सकारात्मक रूप में दिखाई दे।

इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी कहा कि एकता पैनल के प्रत्याशी शक्ति अग्रवाल को व्यापारी बंधुओं का भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ है और निश्चित रूप से उन्हें प्रचंड जीत मिलेगी। सुशील रामदास ने व्यापारी वर्ग की एकता और सहयोग के लिए सभी का पुनः धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button