प्रियंका गांधी पर सांसद भोजराज नाग ने साधा निशाना, कहा- राजनीतिक रोटी सेंक रही हैं प्रियंका

कोंडागांव । कांग्रेसी नेता प्रियंका वाड्रा ने छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षकों की बर्खास्तगी के मामले पर X पर पोस्ट कर टिप्पणी की थी। इस पर कांकेर के सांसद भोजराज नाग ने बयान जारी करते हुए कहा कि,सहायक शिक्षकों की बर्खास्तगी न्यायालय के आदेश के तहत की गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस मामले में समाधान निकालने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने प्रियंका वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि, वे इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने के लिए इस तरह की पोस्ट कर रही हैं।

दरअसल, प्रियंका गांधी वाड्रा ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा: छत्तीसगढ़ का यह वीडियो देश के युवाओं की दुर्दशा का एक छोटा सा उदाहरण है। प्रदेश में 33,000 शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और 1 लाख नौकरी देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने 3,000 शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया।

ये लड़कियां नौकरी की गुहार लगाते हुए इस कड़ाके की ठंड में सड़क पर लेटकर विरोध जता रही हैं। आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत हर राज्य के युवा भाजपा के भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा ने पूरे देश के युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भोजराज नाग ने कहा, यह मामला न्यायालय का है। लेकिन हमारी सरकार संवेदनशील है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं ताकि प्रभावित शिक्षकों को राहत मिल सके।

प्रियंका वाड्रा पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा, प्रियंका गांधी का राजनीतिक करियर समाप्त हो चुका है। वे राजनीति में प्रासंगिक बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के समय भी उनके भाई विदेश यात्रा में व्यस्त थे। यह केवल राजनीति के लिए की गई हरकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button