छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी, 4 दिन में 3-4 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान, हीट वेव की चेतावनी

रायपुर। प्रदेश में आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है।


14 अप्रैल से बढ़ेगा गर्मी का प्रभाव

मौसम विभाग ने बताया कि 14 अप्रैल से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच सकता है। विशेष रूप से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज होने की संभावना है।


हीट वेव को लेकर अलर्ट

कुछ क्षेत्रों में लू (हीट वेव) चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।


बीते 24 घंटे में हल्की बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा।


द्रोणिका का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ओडिशा से गल्फ ऑफ मन्नार तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, कर्नाटक और तमिलनाडु से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम का प्रभाव प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।


अगले दो दिन शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक प्रदेश में शुष्क मौसम रहने की संभावना जताई है, लेकिन इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।


रायपुर में साफ रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में 12 अप्रैल को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।

Back to top button