छत्तीसगढ़ में ACB की बड़ी कार्रवाई, बाबू और ASI रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिलासपुर/सक्ती, 11 मई 2026: छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने रविवार को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक सरकारी बाबू और एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

बिलासपुर कलेक्ट्रेट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया, जबकि सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ ASI एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया।


ADM कार्यालय में पदस्थ बाबू गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार कोटा निवासी होटल संचालक देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही थी। इसी मामले में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय ने कथित तौर पर राहत दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

आरोप है कि बाबू ने एक लाख रुपये तक जुर्माना लगने की बात कहकर मामले को 30 हजार रुपये में निपटाने का भरोसा दिया और 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।


पहले ले चुका था 5 हजार रुपये

शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी ACB को दी। सत्यापन के दौरान सामने आया कि आरोपी पहले ही 5 हजार रुपये ले चुका था और बाकी 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। रविवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता को ADM कार्यालय बुलाया और जैसे ही उसने 15 हजार रुपये लिए, ACB टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


चंद्रपुर थाना का ASI भी पकड़ा गया

दूसरी कार्रवाई में ACB ने सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ ASI एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने शिकायत की थी कि मारपीट के मामले में कार्रवाई से बचाने के बदले ASI ने 40 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।


ढाबे में लेते पकड़ी गई दूसरी किश्त

जांच में पता चला कि आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद ACB ने दूसरी किश्त के लिए जाल बिछाया।

रविवार को शिकायतकर्ता ने आरोपी को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा बुलाया। जैसे ही ASI ने 20 हजार रुपये लिए, ACB टीम ने उसे पकड़ लिया और रकम जब्त कर ली।


भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

ACB अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ACB ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो को दें।

Back to top button