छत्तीसगढ़ में BEO रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, वेतन जारी करने के लिए मांगे थे 10 हजार

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बरमकेला क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में उनके सहयोगी को भी हिरासत में लिया गया है।


वेतन जारी करने के बदले मांगी रिश्वत

मामला पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के शिक्षक निरंजन बरिहा से जुड़ा है। उनका मार्च माह का वेतन रोक दिया गया था। आरोप है कि BEO नरेंद्र जांगड़े ने वेतन जारी करने के एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।


ACB ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद ACB बिलासपुर की टीम ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप प्लान तैयार किया गया और 17 अप्रैल को कार्रवाई की गई।


ऑफिस में ही पकड़ा गया आरोपी

शिकायतकर्ता शिक्षक को बरमकेला स्थित कार्यालय भेजा गया, जहां आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम लेकर अपने टेबल के दराज में रख ली। इसी दौरान पहले से मौजूद ACB टीम ने तत्काल छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।


सहयोगी भी गिरफ्तार

जांच में यह भी सामने आया कि संकुल समन्वयक संजय चौहान इस पूरे मामले में सहयोग कर रहा था। उसे भी हिरासत में लिया गया है।


कानूनी कार्रवाई शुरू

दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


ACB ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Back to top button