छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल की जिला स्तरीय एकदिवसीय सफल कार्यशाला संपन्न

बालोद, 12 जुलाई
छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल, रायपुर द्वारा बालोद जिला औषधि विक्रेता संघ के सहयोग से रविवार, 12 जुलाई 2026 को बालाजी रिसोर्ट, में जिले के पंजीकृत फार्मासिस्टों के ज्ञान उन्नयन हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश, भगवान धन्वंतरि, मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस कार्यशाला में बालोद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट एवं केमिस्ट उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में फार्मासिस्टों के ज्ञान उन्नयन हेतु ऐसी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य फार्मासिस्टों को नवीनतम नियमों, तकनीकी जानकारियों एवं व्यावसायिक दक्षता से जोड़ना है।

काउंसिल के उपाध्यक्ष  राहुल तिवारी ने अपने संबोधन में बताया कि अध्यक्ष, रजिस्ट्रार एवं समस्त सदस्यगण फार्मासिस्टों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल द्वारा ऑनलाइन पंजीयन एवं नवीनीकरण की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है, जिससे प्रदेश के फार्मासिस्ट अब घर बैठे अपना पंजीयन एवं नवीनीकरण कर सकेंगे।

काउंसिल के रजिस्ट्रार अश्वनी गुर्देकर ने सफल आयोजन के लिए बालोद जिला औषधि विक्रेता संघ एवं उपस्थित सभी फार्मासिस्टों का आभार व्यक्त किया।

मुख्य वक्ताओं ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा विभिन्न विषयों पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किए गए।

* श्री अनिल नावंदर, महासचिव, महाराष्ट्र केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने “Good Pharmacy Practice for Retailers” विषय पर व्याख्यान देते हुए गुणवत्तापूर्ण फार्मेसी सेवाओं की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
* श्रीमती मीनाक्षी वैष्णव, सहायक औषधि नियंत्रक (ADC), जिला बालोद ने Drugs & Cosmetics Act, 1940 एवं Drugs & Cosmetics Rules, 1945, दवाइयों के उचित भंडारण, अभिलेख संधारण एवं कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
* डॉ. (श्रीमती) माधुरी बघेल, प्रोफेसर एवं प्राचार्य, अपोलो कॉलेज ऑफ फार्मेसी, दुर्ग ने “The Future of Antimicrobial Preserving Efficacy Through Pharmacy Practice” विषय पर वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक व्याख्यान प्रस्तुत किया।

प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के कार्यकारिणी एवं सदस्यगण में डॉ. चंचलदीप कौर, निकेश देवांगन, डॉ. आनंद महलवार (PCI प्रतिनिधि), परमानंद पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष  राकेश कुमार शर्मा, महासचिव  अविनाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष  राजेश कुमार साहू, कोषाध्यक्ष पवन पालीवाल एवं संगठन सचिव  सुरेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बालोद जिला औषधि विक्रेता संघ की ओर से अध्यक्ष चंद्रकांत साहू, सचिव  पवन कुमार साहू, कोषाध्यक्ष  भूपेश कुमार गुप्ता, संरक्षक  लोकनायक साहू, सहसचिव  बुंदेश्वर दीपक, पीआरओ  देवराज जैन, गुरुर जोन, गुंडरदेही जोन एवं दल्लीराजहरा जोन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त राजनांदगांव, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर एवं बेमेतरा जिला औषधि विक्रेता संघों के अध्यक्ष, सचिव एवं पदाधिकारीगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सफल संचालन एवं आभार

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन बालोद जिला औषधि विक्रेता संघ के सचिव  पवन कुमार साहू एवं छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के सदस्य परमानंद पटेल ने संयुक्त रूप से किया।

अंत में बालोद जिला औषधि विक्रेता संघ के कोषाध्यक्ष  भूपेश कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, फार्मासिस्टों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी पंजीकृत फार्मासिस्टों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के प्रति फार्मासिस्टों एवं केमिस्टों में विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली।

यह कार्यशाला फार्मासिस्टों के ज्ञानवर्धन, व्यावसायिक दक्षता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।

Back to top button