छत्तीसगढ़: 1.50 करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जले, गांव से शहर तक दिखी दीपों की रोशनी
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में हुआ आयोजन
छत्तीसगढ़ में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में बड़े स्तर पर ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 1.50 करोड़ से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। गांवों से लेकर शहरों तक मंदिरों, चौक-चौराहों, मैदानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से दीप जलाए।
महिलाओं, युवाओं और किसानों समेत बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी
कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। कई स्थानों पर दीपों से विभिन्न आकृतियां और संदेश भी तैयार किए गए।
आयोजकों के अनुसार, दीप प्रज्वलन के जरिए सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेश को सामने रखा गया।
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजन
‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सेवा भावना के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील की।
रायपुर समेत कई जिलों में हुए विशेष आयोजन
प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थानीय स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। रायपुर के महादेव घाट पर भी बड़े पैमाने पर दीप प्रज्वलन हुआ, जहां सवा लाख से अधिक दीयों से खारुन नदी का तट रोशन किया गया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ की अवधि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है। इस दौरान जनसेवा, जनभागीदारी और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेशभर में एक साथ बड़ी संख्या में दीप जलाए जाने के कारण ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम इस अभियान का प्रमुख आयोजन रहा।











