छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ जवान ने लगाई फांसी, पत्नी और ससुराल पक्ष से विवाद की बात आई सामने
बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुंदीकला में सीआरपीएफ के एक जवान ने घर के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जवान जम्मू-कश्मीर में पदस्थ था और छुट्टी पर घर आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार कुंदीकला निवासी राजाराम प्रजापति वर्ष 2021 में सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में पदस्थ था। कुछ दिनों पहले वह अवकाश पर अपने घर आया था। परिजनों के मुताबिक घर आने के बाद उसका पत्नी के साथ लगातार विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद राजाराम रस्सी लेकर घर से निकल गया और घर के बाहर स्थित आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
मृतक के भाई शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि दिसंबर 2025 में भी राजाराम ने जहर सेवन कर लिया था। उस दौरान उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना तथा पैसे मांगने के आरोप लगाए थे। उसने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया था। परिजनों का कहना है कि मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।



