
छुरिया में भाईचारे और अमन के संदेश के साथ मनाया गया ईदुल अजहा का पर्व
छुरिया। नगर छुरिया में ईदुल अजहा (बकरीद) का पर्व मुस्लिम समुदाय ने धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया। सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग ईदगाह पहुंचे, जहां विशेष नमाज अदा की गई और देश में अमन-शांति तथा खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। इसके बाद समुदाय के लोग कब्रिस्तान पहुंचे, जहां मरहूमीन के लिए दुआएं की गईं।
अमन और खुशहाली की मांगी दुआ
ईदगाह में पेश इमाम मोहम्मद सद्दाम हुसैन ने नमाज अदा कराई। उन्होंने अपने संदेश में देश में शांति, भाईचारे और आपसी प्रेम बनाए रखने की अपील की। इस दौरान समाज के लोगों ने मानवता और सद्भाव के लिए विशेष दुआएं कीं।
बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के लोग
ईदुल अजहा के मौके पर मुस्लिम समाज के सदर जान मोहम्मद, नायब सदर शकील कुरैशी, सेक्रेटरी आरिफ मेमन सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। छुरिया के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग नमाज में शामिल होने पहुंचे।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस टीम ने पूरे आयोजन के दौरान सतर्कता बनाए रखी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने शांतिपूर्ण आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


