जनचौपाल में लोगों ने कलेक्‍टर को बताई समस्याएं, कहा- निजी और शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा, नामांतरण भी नहीं हो रहा

कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनचौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें निजी जमीन पर अवैध कब्जे के साथ ही खसरा नामांतरण और शासकीय सहायता के लिए लोगों ने आवेदन किया। कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आवेदनों पर राजस्व सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण करने के लिए कहा।

रायपुर। कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनचौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें निजी जमीन पर अवैध कब्जे के साथ ही खसरा नामांतरण और शासकीय सहायता के लिए लोगों ने आवेदन किया। इस दौरान दिनभर में 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आवेदनों पर राजस्व सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण करने के लिए कहा। इस दौरान नेवरा के अंकित अग्रवाल ने निजी भूमि से कब्जा हटवाने के लिए आवेदन किया, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम तिल्दा को फोन कर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार तिल्दा तहसील के ग्राम तरपोंगी के स्वप्न कुमार साहा ने खसरे के नामांतरण के लिए आवेदन किया। कलेक्टर ने प्रकरण को उचित प्रतिवेदन के लिए भेजने की जानकारी दी।न्यू चंगोराभाठा निवासी टेटकू राम देवांगन ने सेंट्रिंग लकड़ी का किराया दिलाने, इंद्रावती कालोनी निवासी सतीश शर्मा ने स्टेशनरी की बकाया राशि का भुगतान करने, संन्यासीपारा के एम. गौरीशंकर राव ने प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत बंगोली के सरपंच झुकूराम बांधे ने प्राथमिक शाला बंगोली में तीन अतिरिक्त कक्ष बनवाने के लिए आवेदन दिया। ग्राम दुलना निवासी विभीषण कुमार निषाद ने बैटरी चलित स्पोर्ट व्हीलचेयर प्रदान करने, नगर पंचायत कूंरा निवासी शत्रुघ्न बंजारे ने प्रधानमंत्री सम्मान निधि प्राप्त नहीं होने की समस्या बताई। ग्राम बाना से नोहर लाल साहू ने रोजगार गारंटी की रााशि दिलाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button