
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरमजयगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, परंपराओं का संरक्षण और हर परिवार का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने महान जननायकों को नमन करने के साथ ही पद्मश्री विभूतियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों को सम्मानित किया।
रायगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जनजातीय समाज का सम्मान, उनकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास का लाभ पहुँचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
भगवान बिरसा मुंडा सहित हमारे महान जनजातीय जननायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री साय आज रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में ‘धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती’ के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से जुड़े लोग
हजारों की संख्या में उपस्थित जनजातीय समाज के भाई-बहनों की सहभागिता से समारोह में अभूतपूर्व उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में मुख्यमंत्री सहित मंचस्थ अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दिए गए वर्चुअल संबोधन को सुना। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज के सशक्तिकरण को एक नई दिशा मिली है।
पद्मश्री विभूतियों का सम्मान और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज की परंपराओं, कला और संस्कृति के संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित विभूतियों —
- श्रीमती बुधरी ताती
- श्री जागेश्वर यादव
- श्री पंडी राम मंडावी
का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया। इसके साथ ही, जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक प्रमुखों, मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण किया। इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता का प्रतीक: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन अदम्य साहस, त्याग और बलिदान की महान गाथा है। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाकर देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में जशपुर तथा वर्ष 2025 में सरगुजा (जहाँ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति रही) में भव्य आयोजन के बाद इस वर्ष धरमजयगढ़ में यह तीसरा राज्यस्तरीय आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के 14 महान जनजातीय जननायकों (जैसे शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह आदि) के स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी से नवा रायपुर में निर्मित ‘शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय’ का अवलोकन करने का आग्रह किया।
