जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, बिजली बिल शिकायत की जांच के निर्देश
रायगढ़। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से मिले।
अत्यधिक बिजली बिल की होगी जांच
पुसौर विकासखंड के ग्राम तड़ोला निवासी अंकुर नंदे ने घरेलू बिजली कनेक्शन होने के बावजूद लगातार अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
आवास, मुआवजा और रोजगार की मांग
जगतपुर निवासी रेवती बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं घरघोड़ा निवासी तीर्थराज झरिया ने एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा और रोजगार नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दिव्यांग पेंशन और राशन कार्ड का मामला
तमनार के ग्राम कर्रापाली निवासी चैतन गुप्ता ने अपने 90 प्रतिशत दिव्यांग पुत्र के लिए दिव्यांग पेंशन स्वीकृत करने और राशन कार्ड में नाम जोड़ने की मांग की। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्कूल भवन और पेयजल समस्या भी उठी
लैलूंगा विकासखंड के ग्राम गंजपुर के सरपंच ने नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग रखी। वहीं कोतरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने खराब बोरवेल के कारण पेयजल संकट की जानकारी देते हुए नए बोर खनन की मांग की। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को स्थल निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में इसके अलावा भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राशन कार्ड, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल से जुड़े कई अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।


