जमीन विवाद में छोटे भाई की पिटाई से युवक की मौत, आरोपी गिरफ्तार

बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप, इलाज के दौरान घायल ने तोड़ा दम

कोरिया, 10 जुलाई। जिले के पटना थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई द्वारा की गई मारपीट के बाद घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को राम प्रकाश कुशवाहा ने ललित कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना थाना पटना में दी थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया।

मर्ग जांच के दौरान मृतक की पत्नी गुलाबी कुशवाहा, पिता सुभाष चंद, माता इन्द्रवती तथा अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि मृतक ललित कुशवाहा और उसका छोटा भाई शारदा कुशवाहा दोनों शराब सेवन के आदी थे और घर तथा जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

पुलिस जांच में पता चला कि 23 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे शारदा कुशवाहा ने अपने बड़े भाई ललित कुशवाहा के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की थी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल ललित को 24 जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 25 जून 2026 की शाम करीब 6:15 बजे उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मारपीट के दौरान आई गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान ललित कुशवाहा की मृत्यु हुई। इसके आधार पर थाना पटना पुलिस ने आरोपी शारदा कुशवाहा (36 वर्ष), निवासी ग्राम सावांरावां, थाना पटना, जिला कोरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।

विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 8 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Back to top button